Bhopal:भोपाल में मिलन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगी, दस फायर ब्रिगेड पहुंची
mp news
Bhopal:भोपाल में मिलन रेस्टोरेंट में भीषण आग लगी, दस फायर ब्रिगेड पहुंची
Fire Accident In Milan Restaurant: एमपी नगर स्थित भोपाल के चर्चित मिलन रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में शनिवार देर रात भीषण आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के इलाकों से 10 फायरब्रिगेड पहुंची.
शनिवार रात करीब 11 बजे आग लगने की घटना सामने आयी. घटना की जानकारी मिलने पर गोविंदपुरा, फतेहगढ़, माता मंदिर समेत आसपास के फायर स्टेशनों से 10 दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया. रात 11 बजे लगी आग पर ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात 1.30 बजे पूरी तरह काबू पाया गया.
मिलन रेस्टोरेंट में आग से मचा हड़कंप
मिलन रेस्टोरेंट की इमारत में आग लगने की घटना के बाद हड़कंप मच गया. रेस्टोरेंट की बिल्डिंग के टॉप फ्लोर पर आग लगी थी, जहां कंपनी का ऑफिस है. इस बिल्डिंग के ग्राउंड और फर्स्ट फ्लोर पर रेस्टोरेंट है. हालांकि रात होने के चलते दफ्तर और रेस्टोरेंट सब बंद थे, लिहाज़ा आग से जनहानि नहीं हुई. जानकारी के मुताबिक, बिल्डिंग में आग शार्ट-सर्किट की वजह से लगी थी.
गौरतलब है कि इन दिनों मध्य प्रदेश में आग की कई घटनाएं सामने आ रही हैं. पिछले दिनों ग्वालियर के एक मैरिज हॉल में एसी के फटने से भीषण आग लग गई थी. इसके बाद सर्राफा व्यापारी की दुकान में आग लगने की घटना सामने आय़ी थी.
