राष्ट्रीय

राज्यसभा सांसद की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे व्यक्ति को अपनी BMW से रौंदा

 

राज्यसभा सांसद की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे व्यक्ति को अपनी BMW से रौंदा,जमानत तुरंत मिली

 

 

 

मुंबई पोर्स कार का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि एक और हिट और रन का मामला चेन्नई से सामने आ गया। जानकारी के मुताबिक, चेन्नई में सोमवार की शाम को वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के राज्यसभा सांसद की बेटी ने फुटपाथ पर सो रहे शख्स को अपनी लग्जरी कार से कुचल दिया। जिसके बाद शख्स की मौत हो गई है। वहीं, मामले में एक ही दिन बाद आरोपी को जमानत भी मिल गई है।

 

 

 

 

फुटपाथ पर सो रहे शख्स को कुचला

 

जानकारी के मुताबिक, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के राज्यसभा सांसद बीडा मस्तान राव की बेटी माधुरी ने सोमवार शाम को चेन्नई में एक व्यक्ति को अपनी बीएमडब्ल्यू कार से कुचल दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 21 वर्षीय सूर्या नामक पेंटर की मौत हो गई, जबकि माधुरी को गिरफ्तार कर लिया गया। फिर मंगलवार को आरोपी माधुरी जमानत पर रिहा हो गई। यह घटना उस समय हुई है, जब 19 मई को पुणे के कल्याणी नगर इलाके में एक रईसजादे ने कथित तौर पर अपनी पोर्श कार से एक बाइक को टक्कर मार दी थी, जिससे एक महिला सहित दो युवा सॉफ्टवेयर पेशेवरों की मौत हो गई थी। किशोर को अभी पुणे के एक सुधार गृह में रखा गया है। बता दें कि इस घटना को एक महीने से भी कम समय हुआ है।

 

जमानत पर हुई रिहा

 

चेन्नई पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार BMW कार ने फुटपाथ पर सो रहे व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि महिला और उसके साथ एक अन्य महिला घटना के तुरंत बाद मौके से भाग गईं। मृतक सूर्या सोमवार रात बेसेंट नगर में फुटपाथ पर सो रहा था जब उसे लग्जरी कार ने कुचला। अड्यार ट्रैफिक पुलिस ने आईपीसी की धारा 304ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया है, जो एक जमानती अपराध है, और कार मालिक को नोटिस भी जारी किया है।

 

मृतक की शादी को हुए थे सिर्फ़ 8 महीने

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद माधुरी तो तुरंत मौके से भाग गई, लेकिन उसकी दोस्त कार से उतर गई और दुर्घटना के बाद जमा हुए लोगों से बहस करने लगी। फिर वह भी कुछ देर बाद वहां से चली गई। भीड़ में से कुछ लोगों ने सूर्या को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई। सूर्या की शादी को सिर्फ़ 8 महीने हुए थे। उसके रिश्तेदार और पड़ोसी न्याय की मांग करते हुए जे-5 शास्त्री नगर पुलिस स्टेशन में जमा हो गए। वहीं, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखने पर पुलिस ने पाया कि कार बीएमआर (बीडा मस्तान राव) ग्रुप की है और पुडुचेरी में रजिस्टर्ड है। फिर माधुरी को गिरफ़्तार किया गया लेकिन पुलिस स्टेशन से उसे ज़मानत मिल गई।

 

लोगों से की बहस

 

वहीं, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है जिसमें माधुरी की दोस्त स्थानीय लोगों से बहस करती हुई दिखाई दे रही है। उसे यह कहते हुए सुना गया कि उन्होंने सूर्या को अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस बुलाई है। जानकारी दे दें कि बीदा मस्तान राव, साल 2022 में राज्यसभा सांसद बने हैं, इससे पहले वे विधायक भी रह चुके हैं, बीदा राव समुद्री खाद्य उद्योग में एक प्रमुख नाम बीएमआर समूह से भी जुड़े हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button