Accident In MP: नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार की बाइक और कार में टक्कर से एक महिला की मौत
Accident in MP: A woman died in a collision between Neemuch MLA Dilip Singh Parihar's bike and car

Accident In MP: नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार की बाइक और कार में टक्कर से एक महिला की मौत
Accident in MP: मंदसौर। शुक्रवार सुबह महू-नीमच राजमार्ग पर लखमाखेड़ी फंटे पर नीमच विधायक की इनोवा कार और बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई। उसका पति व दो बच्चे घायल हो गए। कार में विधायक के स्वजन सवार थे।
हादसे के बाद विधायक के वाहन से ही घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घायल पति का उपचार किया गया। पोस्टमार्टम कर शव स्वजनों को सौपा गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी भी जिला अस्पताल पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह 40 वर्षीय बाबूदास पुत्र विष्णुदास बैरागी निवासी बड़वन बाइक पर पत्नी 35 वर्षीय प्रेमबाई, नौ वर्षीय बेटी वंशिका एवं दो वर्षीय पुत्र प्रवेश को साथ लेकर ग्राम लखमाखेड़ी में मौसर के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तभी सुबह 7:30 बजे महू-नीमच राजमार्ग पर स्थित लखमाखेड़ी फंटे को पार कर रहे थे तभी मंदसौर तरफ से आ रही नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार की इनोवा से टक्कर हो गई।
हादसे में घायल बाबूदास
हादसे में बाइक सवार प्रेमबाई गंभीर घायल हो गई। वहीं पति बाबूदास एवं बच्चे प्रवेश व वंशिका घायल हो गये। हादसे के बाद घायलों को विधायक के वाहन से ही तत्काल जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर महिला प्रेमबाई को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घायल बाबूदास एवं दोनों बच्चे प्रवेश व वंशिका का उपचार किया गया। कार में नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार नहीं थे। उनके स्वजन बैठे थे। महिला के पोस्टमार्टम के बाद घायल भी अस्पताल से चले गए। पुलिस ने विधायक की इनोवा कार जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।



