मध्यप्रदेश

लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए जरूरी है दायित्वबोध: श्री गौतम

भारतीय प्रशासनिक सेवा के परीवीक्षाधीन अधिकारियों ने की विधानसभा अध्‍यक्ष से सौजन्‍य भेंट

भारतीय प्रशासनिक सेवा (मध्यप्रदेश संवर्ग) 2020 बैच के परीवीक्षाधीन अधिकारियों ने मंगलवार को विधानसभा का भ्रमण कर विधायिका एवं विधासभा सचिवालय की कार्यप्रणाली का अध्ययन किया। इस अवसर पर परीवीक्षाधीन अधिकारियों ने विधानसभा अध्‍यक्ष माननीय श्री गिरीश गौतम से सौजन्‍य भेंट कर उनका मार्गदर्शन भी प्राप्‍त किया।
परीवीक्षाधीन अधिकारियों को माननीय विधानसभा अध्‍यक्ष श्री गौतम ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, संसदीय परंपराओं एवं मध्‍यप्रदेश की पृष्‍ठभूमि के बारे में अवगत कराया। श्री गौतम ने कहा कि हम सभी को अपने-अपने दायित्वों का बोध होना अत्यंत आवश्यक है। सशक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है कि हम सभी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करें। उन्‍होंने कहा कि हमारे जिले में कई कलेक्‍टर आते हैं, लेकिन हमें दो या तीन कलेक्‍टर ही बाद में हमेशा याद रह पाते हैं। इसका कारण उनकी कार्यशैली होती है। प्रशासनिक अधि‍कारियों को समाज के साथ जुड़कर इस तरह से कार्य करना चाहिए कि उन्‍हें उनके तबादले के बाद भी लोग याद रखें।
विधानसभा अध्‍यक्ष ने कहा कि मध्‍यप्रदेश विभिन्‍न संस्‍कृतियों का संगम है। प्रशासनिक अधिकारी के दायित्‍व का निर्वहन करते हुए हमें यहां के सांस्‍कृतिक संरक्षण के लिए भी कार्य करना चाहिए। श्री गौतम ने कहा कि प्रदेश के दूरस्‍थ अंचलों में जो कुरीतियां विद्यमान हैं, उनका उन्‍मूलन आप समाज को साथ लेकर कर सकते हैं। इस दिशा में सभी को प्रयास करना चाहिए।
श्री गौतम ने सभी परीवीक्षाधीन अधिकारियों अधिकारियों को उनके उज्‍ज्‍वल भविष्‍य की शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कामना की कि उनका सहयोग मध्‍यप्रदेश के विकास एवं आमजन के कल्‍याण में अवश्‍य प्राप्‍त होगा।
विधानसभा अध्‍यक्ष श्री गौतम से सौजन्‍य भेंअ करने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा के परीवीक्षाधीन अधिकारियों में सर्वश्री अभिषेक सर्राफ, अंजली रमेश, विवेक कुट्टिकोल वणापुरक्‍कल, हिमांशु जैन, प्रखर सिंह, अनिल कुमार राठौर, अंशुमान राज एवं अग्रिम कुमार शामिल थे। इस अवसर पर परीवीक्षाधीन अधिकारियों माननीय विधानसभा अध्‍यक्ष के साथ समूह छायाचित्र भी खिंचवाया।
Girish_Gautam official #mpvidhansabha

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button